Skip to content
हिन्दी
BREAKING

मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन, सीकर जिले में 21 लाख 93 हजार 228 मतदाता दर्ज जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने दी जानकारी

Updated:

सीकर, 12 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत गुरुवार को मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि सीकर जिले में प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल 21 लाख 93 हजार 228 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें पुरुष 1153131, महिला 1040078 तथा ट्रांसजेंडर मतदाता 19 है। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही जिले के समस्त विधान

सीकर, 12 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत गुरुवार को मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि सीकर जिले में प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार कुल 21 लाख 93 हजार 228 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें पुरुष 1153131, महिला 1040078 तथा ट्रांसजेंडर मतदाता 19 है।

उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही जिले के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध करवाई गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची  वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है। कोई भी मतदाता ऑनलाइन अपना नाम मतदाता सूची में खोज सकता है। इसके अतिरिक्त सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास संबंधित बूथ की प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर भी सूची में अपना नाम देख सकते हैं।

11 दिसंबर तक दर्ज करवा सकेंगे दावे एवं आपत्तियां

उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में प्राप्त आवेदनों का निस्तारण ईआरओ द्वारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

दावे एवं आपत्ति अवधि में प्राप्त आवेदनों की सूची साप्ताहिक रूप से संकलित कर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय के बाहर चस्पा की जाएगी। ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही ईआरओ प्रत्येक सप्ताह मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवेदनों की सूची उपलब्ध करवाएंगे।

फॉर्म-6, 7 एवं 8 से करवा सकेंगे आवश्यक संशोधन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहती है। इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मतदाता ECINet ऐप, वोटर्स पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अपील का प्रावधान

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट होने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के तहत अपील की जा सकती है। प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष निर्णय के 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत की जा सकती है। वहीं प्रथम अपील के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने पर जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 15 दिवस के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष द्वितीय अपील प्रस्तुत करने का प्रावधान है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा नाम दर्ज नहीं होने या किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में संबंधित फॉर्म के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित नहीं रहे।

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सीकर) · 12 नवम्बर 2026, 07:10 PM — मूल विज्ञप्ति

Source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News