धौलपुर, 26 नवम्बर । राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (जोबनेर) जयपुर द्वारा संचालित पशु विज्ञान केन्द्र, धौलपुर द्वारा राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर "स्वच्छ दूध उत्पादन" विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। केन्द्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार मीना ने बताया कि भारत विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। स्वच्छ दूध का उत्पादन मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ बेहतर आर्थिक लाभ के लिए आवश्यक है। दूध उत्पादन कुछ सावधानियां रख कर पशुपालक अच्छी गुणवत्तायुक्त दूध का उत्पादन कर सकते हैं। पशुपालक को सुचारु रूप से नियत अन्तराल पर पशुओं के स्वास्थ्य की जाँच करायी जानी चाहिए। दुधारू पशु थनैला, क्षय रोग (टी.बी.), रेबीज, आदि जैसी बिमारियों से मुक्त हों। दूध दुहने से पहले पशुपालक को अपने हाथ सही तरीके से साबुन या अन्य रसायनों द्वारा स्वच्छ किया हुआ होना चाहिए। साथ ही ग्वाले के नाख़ून कटे होने और बाल ढंका होना चाहिए । दुधारू पशु के शरीर की अच्छी तरह सफाई भी करनी चाहिए। पशु के शरीर पर लगी मिटटी अदि को अच्छी तरह साफ़ करना भी आवश्यक है। खास तौर से पशु के शरीर के पीछे के हिस्से, पेट, थन, पूंछ व पेट के निचले हिस्से की विशेष सफाई करनी चाहिए। दूध दुहने से पहले थनों को किसी जीवाणु-नाशक के घोल में भीगे हुए कपड़े से पोंछ कर स्वच्छ कर लेना चाहिए। दूध निकालने से पहले दूध की कुछ बूंदें जमीन पर गिरा देना चाहिए । ऐसा करने से था पर अवस्थित जीवाणु एवं गन्दगी सारे दूध में पहुचने से बच जाते हैं। पशुओं को साफ़ एवं सूखी जगह पर रखना चाहिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि गोबर या मूत्र आसानी से बह कर साफ़ हो जायें। दूध निकालने वाले बर्तनों को पहले ठण्डे पानी से, फिर सोडा या अन्य जीवाणु-नाशक रसायन मिले गर्म पानी से धोकर धूप में रख कर सुखा लेना चाहिए, जहाँ तक हो सके दूध दुहने वाले बर्तनों का मुंह संकरा हो ताकि उसमे बाल, मिटटी, धुल, गोबर, घास फूस, तिनके आदि न गिर सकें। दूध में जीवाणुओं की वृद्धि रोकने केलिए उसे ठण्डा करके रखा जाना चाहिए। इस हेतु रेफ्रिजरेटर या फिर किसी ऐसे शीतल स्थान में दूध को इस तरह से रखना चाहिए कि दूध का तापक्रम यथा संभव कम बना रहे।
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार · 26 नवम्बर 2026, 04:34 PM — मूल विज्ञप्ति