सीकर, 23 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सीकर जिले में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान एवं उप प्रधान के चुनाव के लिए गठित कुल 17 मतदान दलों के 85 कार्मिकों का प्रशिक्षण सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान डीएमएलटी रोहित कुमार, डॉ. कमलेश शर्मा एवं डॉ. रामचंद्र पूनिया ने मतदान दलों के कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, मतपत्र तैयार करने, मतदान करवाने तथा मतगणना सहित निर्वाचन से संबंधित संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया। साथ ही निर्वाचन कार्य को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। ..................
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सीकर) · 23 नवम्बर 2026, 06:58 PM — मूल विज्ञप्ति