राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तृतीय चरण में पंचायत समिति बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर एवं खण्डार में 3 तथा 5 नवम्बर और चतुर्थ चरण में पंचायत समिति सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर के मतदान केन्द्रों पर 14 तथा 16 नवम्बर को क्रमशः पंच, सरपंच तथा जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के सम्बन्ध में पंचायत समिति बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर एवं खण्डार के लिए मतदान दल 2 नवम्बर को रवाना होकर 6 नवम्बर तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। पंचायत समिति सवाई माधोपुर, चौथ का बरवाड़ा, गंगापुर सिटी एवं वजीरपुर के लिए मतदान दल 13 नवम्बर को रवाना होकर 17 नवम्बर तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। जारी आदेश के अनुसार, तृतीय चरण में जिन विद्यालय भवनों में मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, उनमें 2 से 6 नवम्बर और चतुर्थ चरण के दौरान 13 से 17 नवम्बर का स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
---000---