चूरू, 12 नवम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने चूरू उपखंड क्षेत्र के सिरसला, घंटेल एवं पिथिसर क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पंचायती राज आम चुनाव-2026 के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के क्रम में मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, मतदाताओं की सुगम आवाजाही, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मूलभूत सुविधाएं माकूल रहें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी समुचित समन्वय रखते हुए मतदान प्रक्रिया से पूर्व सभी तैयारियों का पुनः परीक्षण करें तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाएं। उन्होंने संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान दलों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से भी संवाद करते हुए निर्वाचन को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग करने की अपेक्षा की।