

जयपुर, 24 नवंबर । 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में राजस्थान के भव्य पवेलियन का मंगलवार को केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पवेलियन की व्यापक तैयारियों, आकर्षक साज-सज्जा, राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं आधुनिक तकनीकी नवाचारों के प्रभावशाली समन्वय की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने अपनी विरासत, कला, संस्कृति और विकास की संभावनाओं को एक ही मंच पर बेहद आकर्षक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है।
श्री मेघवाल ने पवेलियन में स्थापित सभी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विभिन्न शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों, उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, पारंपरिक निर्माण तकनीकों एवं शिल्पकला के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कारीगरों के हुनर और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। ब्लू पॉटरी, कोटा डोरिया, मोलेला टेराकोटा, मीनाकारी, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के स्टॉल सहित राजस्थान के विभिन्न विशिष्ट उत्पादों एवं हस्तशिल्प प्रस्तुतियों में उन्होंने विशेष रुचि दिखाई। पवेलियन में आयोजित लाइव डेमो एवं हैंड्स-ऑन गतिविधियां उनके विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने मोलेला, मेहंदी कला, 3D प्रिंटिंग, बगरू ब्लॉक प्रिंटिंग, टाई एंड डाई तथा पारंपरिक दरी निर्माण के लाइव प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने इन गतिविधियों के माध्यम से पारंपरिक कलाओं को जीवंत स्वरूप में प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की। साथ ही, कारीगरों से संवाद कर इन कलाओं की बारीकियों एवं पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपराओं के बारे में जानकारी ली। आधुनिक तकनीक एवं नवाचारों पर आधारित प्रस्तुतियों में भी केंद्रीय मंत्री ने विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने कौशल विकास से संबंधित लाइव 3D प्रिंटर, AI आधारित डिजिटल कठपुतली कियोस्क एवं सेल्फी झरोखे का भी अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त राजस्थान के सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित करती ODOP वॉल एवं प्रदेश के 24 GI टैग प्राप्त उत्पादों को प्रदर्शित करती GI Tag Wall का भी अवलोकन किया। उन्होंने पारंपरिक कला एवं शिल्प को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने की इस पहल को सराहनीय बताया।
