बीकानेर, 26 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के लिए मतदान दलों को मतदान केंद्र और ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच के मतदान के लिए रिटर्निंग अधिकारियों को ग्राम पंचायत आवंटन के लिए तृतीय रेंडमाइजेशन एनआईसी परिसर में सोमवार को हुआ। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन और आब्जर्वर श्री नवनीत कुमार मौजूद रहे।
द्वितीय चरण में हदां, बीठनोक, कोलायत, बज्जू खालसा एवं बीकानेर पंचायत समिति क्षेत्र में आने वाले जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों सहित पंच और सरपंच पदों के लिए निर्वाचन होंगे। इसके लिए मतदान दलों की रवानगी मंगलवार (27 अक्टूबर) को प्रातः 7:30 बजे प्रशिक्षण के पश्चात राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर से होगी। प्रत्येक कार्मिक को समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा संबंधित के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
द्वितीय चरण में 137 ग्राम पंचायतों के मतदान के लिए कुल 382 मतदान केंद्र मतदान निर्धारित किए गए हैं। मतदान दलों में पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा चतुर्थ मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। द्वितीय चरण के तहत हदां की 19 ग्राम पंचायतों में 50, बीठनोक की 18 ग्राम पंचायतों में 45, बज्जू खालसा की 38 ग्राम पंचायतों में 92, कोलायत की 25 ग्राम पंचायतों में 65 तथा बीकानेर की 37 ग्राम पंचायतों में 130 मतदान केंद्रों पर मतदान होंगे।
