आबू रोड (सिरोही)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को राजस्थान के आबू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के शांतिवन परिसर में आयोजित ‘ग्लोबल समिट 2026’ के समापन समारोह को संबोधित किया। ब्रह्माकुमारीज के 90 वर्षों के आध्यात्मिक नेतृत्व और निःस्वार्थ सेवा की यात्रा को समर्पित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का विषय ‘विश्व नवनिर्माण के लिए आध्यात्मिक जागृति’ रहा।
समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सम्मेलन में आध्यात्मिक जागृति, सामाजिक सद्भाव, मानवीय मूल्यों और सकारात्मक बदलाव के माध्यम से विश्व में शांति स्थापित करने पर जोर दिया गया।


