जिला कारागृह सवाई माधोपुर में मंगलवार को स्पंदन: कारागृह स्वास्थ्य देखभाल अभियान स्वास्थ्य, आशा और मानवता के तहत निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला कारागृह से मिली जानकारी के अनुसार आज जिला कारागृह में बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार को लेकर विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान शिविर में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सक दल ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें फिजिशियन, मनोरोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ तथा त्वचा रोग विशेषज्ञ शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। शिविर के दौरान कुल 31 बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं, बेहतर उपचार एवं आगे की चिकित्सकीय जांच की आवश्यकता को देखते हुए पांच बंदियों को सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर के लिए भेजा गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कारागृह में निरुद्ध बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना है। शिविर के माध्यम से बंदियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ मिला। ---000---

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 17 नवम्बर 2026, 05:38 PM — मूल विज्ञप्ति