जयपुर। राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक असंतोष खुलकर सामने आया है। पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ से जुड़े पांच प्रमुख नेताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। नेताओं ने संगठन में प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने और वरिष्ठ पदाधिकारियों की ओर से उपेक्षा किए जाने को अपनी नाराजगी की प्रमुख वजह बताया है।
इस्तीफा देने वाले नेताओं ने अपना त्यागपत्र कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा है। उनका कहना है कि संगठन में काम करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित जिम्मेदारी और सम्मान नहीं मिल रहा है। नेताओं की नाराजगी ऐसे समय सामने आई है, जब प्रदेश में आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो रही हैं और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।
संगठन में सम्मान और जिम्मेदारी को लेकर नाराजगी-सामूहिक इस्तीफे के पीछे नेताओं ने संगठनात्मक व्यवस्था और वरिष्ठ नेतृत्व के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पार्टी में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को उनकी भूमिका के अनुरूप जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। इसी नाराजगी के चलते पांच नेताओं ने एक साथ पद छोड़ने का फैसला किया।