बारां, 31 अक्टूबर। पंचायती राज के चौथे चरण में होने वाले चुनाव के लिए शनिवार को जिले की चार पंचायत समितियों में आम चुनाव के लिए लोक सूचना जारी की गई। पहले दिन पंचायत समिति सदस्य के लिए तीन अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने बताया कि चतुर्थ चरण में बारां, छबड़ा, छीपाबड़ौद व अटरू पंचायत समिति सदस्य सहित पंच-सरपंच व उपसरपंच के चुनाव होंगे। इसके लिए शनिवार को लोक सूचना जारी कर दी गई है। चुनाव में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम समय सीमा रहेगी। प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। जिनकी 5 नवंबर को प्रातः 11 बजे से संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक हो सकेगी। इसके पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन व चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दूसरी ओर पंच-सरपंच पद के लिए 15 नवंबर को प्रातः 8 से पूर्वाह्न 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। जिनकी 11.30 बजे से संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन व अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन होगा। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सदस्य पद के लिए पंचायत समिति छबड़ा में एक, छीपाबड़ौद में दो अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए जबकि बारां व अटरू में एक भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। चतुर्थ चरण में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए 14 नवंबर तथा सरपंच-पंच के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा।

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला बारां) · 31 अक्टूबर 2026, 06:00 PM — मूल विज्ञप्ति