


चम्बल नदी में घड़ियाल संरक्षण एवं वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य के पालीघाट में 20 घड़ियाल हैचलिंग्स को रेडियो/वेरी हाई फ्रीक्वेंसी टैग के साथ प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने हैचलिंग्स को नदी में पुनर्स्थापित किया। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह, उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह ने कहा कि यह पहल घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना के तहत की जा रही है। इस वर्ष 80 घड़ियालों की टैगिंग कर तीन चरण में पुनर्वास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस क्रम में मंगलवार को प्रथम चरण में 20 हैचलिंग्स को छोड़ा गया है। शेष हैचलिंग्स को फरवरी माह के अन्त तक चम्बल नदी के प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। रेडियो टेलीमेट्री तकनीक के उपयोग से नदी वातावरण में छोड़े जाने पर इनके विचरण क्षेत्र, गतिविधियों, व्यवहार, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन और उत्तरजीविता की निगरानी की जाएगी। इससे घड़ियालों के जीवन-चक्र एवं चम्बल नदी की पारिस्थितिकी को समझने में वैज्ञानिक मदद मिलेगी तथा घड़ियाल संरक्षण के लिए भविष्य में बेहतर कार्ययोजना बनाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि रेडियो/वेरी हाई फ्रीक्वेंसी टैगिंग से घड़ियालों के प्राकृतिक जीवन एवं आवासीय व्यवहार का अध्ययन संभव होगा। इससे चम्बल नदी की जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन के संरक्षण संबंधी प्रयासों को मजबूती मिलेगी। वैज्ञानिक देखरेख में हुआ हैचलिंग्स का पालन-पोषण:- उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नवजात घड़ियालों को शुरुआती अवस्था में तेज जल प्रवाह, बाढ़, जंगली जानवरों और मछली पकड़ने के जाल जैसी चुनौतियों से बचाने के लिए पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से उनका पालन-पोषण किया गया। हैचलिंग्स को अलग-अलग सुरक्षित केबिन में रखा गया तथा उनके प्राकृतिक व्यवहार को बनाए रखने के लिए जीवित मछलियां भोजन के रूप में दी गई, जिससे हैचलिंग्स के पर्याप्त विकास (75 सेंटीमीटर से अधिक) के बाद उन्हें पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से विकसित हो रहा रेयरिंग सेंटर:- राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत पालीघाट में घड़ियाल रेयरिंग सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एनक्लोजर, बास्किंग प्लेटफॉर्म, जल फिल्ट्रेशन एवं पम्पिंग सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे शावकों की सुरक्षा, देखरेख और वैज्ञानिक निगरानी को बेहतर बनाया जा सके। वन विभाग ने आमजन से चम्बल नदी में कचरा एवं प्लास्टिक नहीं डालने, घड़ियालों के प्रजनन स्थलों से दूरी बनाए रखने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की है। इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक दिनेश जांगिड़, अजय कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी पालीघाट किशन सांखला, परियोजना विशेषज्ञ जैलाब्दीन सहित वन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे। ---000---
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 24 नवम्बर 2026, 02:49 PM — मूल विज्ञप्ति
