राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, चूरू ---- सभी पंचायत समितियों में उप प्रधान पदों के निर्वाचन हेतु बैठक 28 नवंबर को
चूरू, 24 नवंबर। राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 तथा राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 59, 61 एवं 62 तथा राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा जारी निर्देशों के अनुसरण में जिले की सभी 13 पंचायत समितियों के उप प्रधान पद के निर्वाचन हेतु संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक शनिवार, 28 नवंबर, 2026 को सवेरे 10 बजे आयोजित की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न करवाई जाएगी। इसके तहत जिले की सभी 13 पंचायत समितियों [सरदारशहर, सरदारशहर पूर्व, भानीपुरा, राजगढ़, चांदगोठी, बीदासर, सिद्धमुख, सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी) मुख्यालय तारानगर, रतनगढ़, चूरू उत्तर (मुख्यालय चूरू) व चूरू] के उप प्रधान पद के निर्वाचन हेतु संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक शनिवार, 28 नवंबर, 2026 को सवेरे 10 बजे शुरू होगी। इसके बाद नाम निर्देशन-पत्र सवेरे 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा सवेरे 11.30 बजे से की जाएगी तथा अभ्यर्थी दोपहर 01 बजे तक अपने नाम निर्देशन-पत्र वापस ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो मतदान दोपहर 03 बजे से सायं 05 बजे के मध्य करवाया जाएगा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 एवं राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 तथा राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा जारी प्रासंगिक आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित की जाएगी।