बीकानेर। बीकानेर जिला परिषद के जिला प्रमुख चुनाव के बाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की पुत्री सरिता चौहान के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने के बाद पार्टी में नए राजनीतिक समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। निर्दलीय चुनाव लड़ने पर कांग्रेस ने सरिता चौहान को पहले ही निलंबित कर दिया है। वहीं अब उनके पिता एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गोविंद मेघवाल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, बीकानेर देहात जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गोविंद मेघवाल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रदेश नेतृत्व को पत्र लिखा गया है। जिला कांग्रेस की इस पहल के बाद प्रदेश कांग्रेस में भी इस मामले को लेकर हलचल बढ़ने की संभावना है।
