बीकानेर। आगामी निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा की गई। इसके साथ ही समिति की बैठक आयोजित कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में बीकानेर संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव संगठन की कार्यक्षमता और कार्यकर्ताओं की मेहनत की परीक्षा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर पार्टी की रीति-नीति, सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, अनुशासन और आपसी समन्वय के आधार पर भाजपा आगामी निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने नोखा, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, खाजूवाला, लूणकरणसर और देशनोक नगर पालिकाओं में पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
