शहर की करीब 40 कॉलोनियों में लगातार तीसरे दिन भी पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत चल रहे मरम्मत कार्य के चलते जलदाय विभाग ने आपूर्ति रोक रखी है।
सबसे ज्यादा परेशानी गंगाशहर, भीनासर और मुक्ता प्रसाद नगर के निवासियों को हो रही है। लोगों को निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि 22 टैंकर लगाए गए हैं और प्रभावित इलाकों में दिन में दो बार पानी पहुंचाया जा रहा है। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता के अनुसार शुक्रवार शाम तक आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
पार्षदों ने कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपकर मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग की है।
