* पीयूष पुरोहित
बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका एक बार फिर बड़ी राजनीतिक पारी खेलने का मन बनाये हुए हैं। इस बार उनकी नजर महापौर की कुर्सी पर है। हालांकि रांका के राजनीतिक सफर में टिकट और संगठन के महत्वपूर्ण पदों को लेकर मिली निराशाओं की छाया अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
रांका के लिए यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने पार्टी के भीतर कई महत्वपूर्ण राजनीतिक जिम्मेदारियों के लिए दावेदारी की, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। अब नगर निगम चुनाव में उनके सामने अपनी राजनीतिक पकड़ और जनाधार साबित करने की चुनौती है।
