बीकानेर। बीकानेर नगर निगम के उप महापौर पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए जीत दर्ज की है। बीजेपी के प्रत्याशी पंकज गहलोत उप महापौर निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार को हुए मतदान में पंकज गहलोत को 40 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नजमा को 38 वोट प्राप्त हुए। इस तरह पंकज गहलोत ने 2 वोट से जीत हासिल की।
उप महापौर के चुनाव में सामने आए नतीजे ने नगर निगम के सियासी समीकरण को नई दिशा दे दी है। खास बात यह है कि नगर निगम में कांग्रेस के पास 42 पार्षदों के साथ बहुमत है, जबकि भाजपा के 27 पार्षद हैं। इसके बावजूद उप महापौर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 40 वोट मिलना मतदान के दौरान बने नए राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा करता है।
मेयर कांग्रेस का, डिप्टी मेयर बीजेपी का
इससे पहले 21 सितंबर को हुए महापौर चुनाव में कांग्रेस के अनिल कल्ला ने 50 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को 30 वोट मिले थे। अब एक दिन बाद उप महापौर पद भाजपा के खाते में जाने से बीकानेर नगर निगम में मेयर कांग्रेस और उप महापौर भाजपा के होंगे।
