jaipur : गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे राजपाल यादव, दर्शन के लिए उमड़ी प्रशंसकों की भीड़

Rajpal Yadav Visits Govind Dev Ji Temple; Fans Flock to Catch a Glimpse

जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव रविवार को जयपुर के विश्व प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने ठाकुर जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। अभिनेता के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और उनके प्रशंसक मंदिर परिसर में जुट गए।

मंदिर में दर्शन के दौरान लोगों में राजपाल यादव की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने की होड़ मच गई। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में अभिनेता को मंदिर में दर्शन कराए गए और बाद में सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी कार तक पहुंचाया गया।

भीड़ अधिक होने के कारण सुरक्षा कर्मियों और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इस दौरान भी राजपाल यादव ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कई प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

राजपाल यादव की सादगी और सहज व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। उनके मंदिर आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शन के बाद अभिनेता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और शांतिपूर्वक मंदिर परिसर से रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *