बीकानेर। नगर निगम चुनाव में बीजेपी के टिकट वितरण को लेकर बीकानेर की सियासत में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। वार्ड 75 से पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका को बीजेपी का टिकट मिलने का दावा सामने आया है। हालांकि बीजेपी की अधिकृत प्रत्याशियों की सूची अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन खुद महावीर रांका ने सोशल मीडिया के माध्यम से वार्ड 75 से चुनाव मैदान में उतरने की जानकारी साझा की है। रांका की इस घोषणा के बाद बीजेपी के भीतर टिकट वितरण को लेकर चल रही खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
सबसे खास बात यह है कि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास और बीकानेर पूर्व की पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी की ओर से रांका की उम्मीदवारी का विरोध किए जाने की चर्चा थी। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने प्रदेश की टिकट वितरण समिति के समक्ष भी अपनी आपत्ति दर्ज करवाई थी। ऐसे में विरोध के बावजूद रांका का नाम सामने आने से बीजेपी के भीतर शक्ति संतुलन और टिकट वितरण में केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
विधायकों के विरोध के बावजूद रांका की एंट्री-वार्ड 75 से महावीर रांका की दावेदारी सामने आने के बाद से ही स्थानीय बीजेपी में हलचल थी। वार्ड के स्थानीय समीकरण, संभावित दावेदारों और रांका की बाहरी उम्मीदवार के रूप में एंट्री को लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग राय सामने आने की चर्चा रही।
