नई दिल्ली। देश में लोकसभा सीटों के संभावित परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर परिसीमन के प्रस्तावों पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराई है। खरगे ने कहा कि इस बेहद महत्वपूर्ण विषय पर किसी भी निर्णय से पहले सभी राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों से व्यापक चर्चा की जानी चाहिए।
खरगे ने अपने पत्र में कहा कि राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों को सरकार के प्रस्तावों का विस्तार से अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष सत्र में किसी प्रस्ताव को जल्दबाजी में पेश किए जाने के बजाय पहले व्यापक राजनीतिक सहमति बनाने की जरूरत बताई।
विशेष सत्र की संभावना से बढ़ी हलचल-खरगे का यह पत्र केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने एक टेलीविजन साक्षात्कार में संसद की एक और बैठक बुलाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया था। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर आगे बढ़ने के लिए संसद का विशेष सत्र बुला सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से विशेष सत्र की कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है।
