पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने मतदान दलों के रवानगी स्थल पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहूनगर का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान सामग्री के वितरण, मतदान दलों की रवानगी तथा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने रवानगी स्थल पर प्रत्येक कुर्सी के पास टेबल लगाने के निर्देश दिए, ताकि पीठासीन अधिकारी अपनी मतदान सामग्री व्यवस्थित रख सकें। उन्होंने मतदान दलों को दिए जाने वाले बैग, मतदाता सूची की कार्यकारी प्रतियों एवं अन्य निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता के साथ-साथ मतदान सामग्री वितरण एवं मिलान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों को पहचान पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
काना राम ने खंडार, मलारना डूंगर, बामनवास एवं बौंली सहित संबंधित स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर हर समय गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाने के निर्देश दिए।
