मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम संग्रहण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया

अपडेट:

ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पर सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

शेयर करें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम संग्रहण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) काना राम ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले की 4 पंचायत समितियों में 3 नवम्बर को होने वाले मतदान की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला मुख्यालय पर स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर में ईवीएम तथा चुनाव सामग्री संग्रहण एवं वितरण केन्द्र (स्ट्रॉन्ग रूम) का दौरा किया और अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रबन्ध करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को ईवीएम एवं चुनाव सामग्री संग्रहण केन्द्र में साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को दुरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग से विद्यालय भवन में कुछ जगह मौजूद कचरे का हटाने और चुनाव सामग्री के वितरण और संग्रहण के दृष्टिगत स्ट्रॉन्ग रूम में समुचित प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जिन कमरों में ईवीएम मशीनों को संग्रहित किया जाए, वहां बरसात के दौरान सीलन या छत टपकने की स्थिति नहीं बने।

काना राम ने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय परिसर में बेरिकेडिंग को दुरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी के लिए कन्ट्रोल रूम में समुचित पावर बैकअप की व्यवस्था की जाए ताकि विद्युत आपूर्ति में बाधा आने पर भी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और निगरानी व्यवस्था सुचारू रहे। उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम पर मौजूद बेल इलेक्ट्रॉनिक्स के इंजीनियर से मतदान दिवस के दिन ईवीएम मशीनों के प्रबन्धन और संचालन में बाधा आने पर मशीन को दुरस्त करने की निर्धारित प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को रवाना करने से पहले चुनाव अधिकारियों को मतदान सामग्री वितरण के लिए की गई टेन्ट व्यवस्था का भी व्यापक अवलोकन किया और बरसात की आशंका के मद्देनजर मतदान रवानगी स्थल पर वाटरप्रूफ टेन्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीनों तथा अन्य मतदान सामग्री की सुरक्षा और भीगने से बचाने के लिए यह प्रबंध किया जाना जरूरी है। उन्होंने मतदान के बाद जिला मुख्यालय पर मतगणना के लिए ईवीएम मशीनांे के संग्रहण के दौरान वाहनों के लिए नियोजित पर्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिक बारिश की स्थिति में चकचैनपुरा हवाई पट्टी को वैकल्पिक वाहन पार्किंग स्थल के रूप में तैयार रखने के निर्देश दिए।

काना राम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों के साथ सुरक्षा जाप्ते के रूप में रवाना होने वाले पुलिस कार्मिक समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहें और मतदान अधिकारियों के साथ बेहतरीन समन्वय के साथ ईवीएम मशीनों तथा चुनाव सामग्री सहित पूरी प्रक्रिया की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा जाप्ता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी, पंचायतीराज चुनाव के प्रबंधन में नियोजित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा सार्वजनिक निर्माण, रसद, पुलिस, विद्युत सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---000---

स्रोत: Times of Rajasthan

स्रोत: Times of Rajasthan

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें