- जैसलमेर में चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
- सीमावर्ती जिले में प्रत्येक गतिविधि पर रखें पैनी नजर, निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करें सुनिश्चित
जैसलमेर/जयपुर, 28 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने बुधवार को जैसलमेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त सुरक्षा जाब्ता तैनात किया जाए। मतदान दलों के गंतव्य स्थलों तक समय पर पहुंचने, उनके ठहरने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी तैयारी रखी जाए, ताकि निर्वाचन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
