


जयपुर, 29 नवंबर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि नन्हे मुन्ने बच्चे भारत का भविष्य हैं। अभिभावक एक समय का भोजन बच्चों के साथ जरूर करें, पूजा पाठ में बच्चों को अपने साथ बिठाएं, बच्चों में संस्कार गढ़ें, उन्हें पर्याप्त समय दें ताकि भविष्य में बच्चे भी अपने परिवारजनों को समय देना सीख सके। श्री देवनानी ने आज की भागदौड़ वाली जिंदगी में बच्चों को समय नहीं देने वाली अभिभावकों की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विकसित भारत में योगदान देने और सुदृढ़ भविष्य के लिए यह आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। श्री देवनानी ने कहा कि आज आप बच्चों को संभालोगे तो भविष्य में बच्चे भी आपका ध्यान रखेंगे।
स्पीकर श्री देवनानी रविवार को यहां प्रताप नगर में रावत पब्लिक स्कूल के 18 वें वार्षिक उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। बच्चों को पुरस्कृत किया तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखा। श्री देवनानी ने विद्यालय की स्मारिका और रावत टाइम्स का विमोचन भी किया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्यनरत बच्चे अभिभावक और शिक्षक गण मौजूद थे।
