जयपुर, 1 नवंबर। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा आमजन को पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से देशभर की भांति राजस्थान में भी रविवार को ‘ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह 2026’ का राज्यव्यापी शुभारंभ हुआ। इस साप्ताहिक आयोजन के दौरान एक से सात नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों, साइक्लोथॉन, पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों एवं जागरूकता अभियानों के माध्यम से सतत जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस वर्ष इस आयोजन की थीम 'वन वीक, सेवन एक्शन्स, वन प्लेनेट' के अनुरूप पूरे सप्ताह प्रतिदिन पर्यावरण संरक्षण से जुड़े एक विशेष विषय पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को यह समझाना है कि दैनिक जीवन में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'मिशन लाइफ' (लाइफ स्टाइल फॉर एन्वायरमेंट) से प्रेरित होकर देशभर के आमजन और विशेषजन(सेलेब्रिटी) ने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और इसे पर्यावरण रक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया है। इस सप्ताह के दौरान भी युवा बड़ी संख्या में 'माय भारत' प्लेटफॉर्म पर इससे सम्बधित शपथ ले रहे हैं। भारत द्वारा 'ब्रिक्स 2026 की मेजबानी के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा देशभर में 1 से 7 नवंबर तक ‘ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह 2026’ मनाने का आह्वान किया गया है। इस पहल के तहत राज्य सरकार ने सक्रिय कदम उठाते हुए प्रदेश में सप्ताह के आयोजन के लिए पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को राज्य नोडल विभाग नियुक्त किया तथा सभी विभागों एवं जिला कलेक्टरों के समन्वय से राज्यव्यापी कार्ययोजना तैयार कर साझा की है।
सोमवार को ऊर्जा संरक्षण पर केंद्रित रहेंगी गतिविधियां