सीकर 15 नवंबर। राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के अवसर पर विश्व स्मरण दिवस-2026 के तहत रविवार को सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डाक बंगले से पुलिस लाइन तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लेकर पहुंचे पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने हादसों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही आमजन को यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया।
कैंडल मार्च के बाद पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और यातायात नियमों की पालना करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर चिंता जताते हुए कहा कि जब किसी परिवार का बेटा, भाई या पिता सड़क हादसे में अपनी जान गंवा देता है तो पूरा परिवार बिखर जाता है। अपनों को खोने का दर्द परिजनों को जीवनभर सहना पड़ता है। सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेती, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन लेती है। उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।