


जयपुर , 15 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री
वासुदेव देवनानी ने आर्य समाज से राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए स्वामी
अपडेट:
जयपुर , 15 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने आर्य समाज से राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए स्वामी श्रद्धानंद द्वारा शुरू किए गए घर वापसी अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने लव-कुश उद्यान से सुभाष उद्यान तक प्रस्तावित महर्षि दयानंद मार्ग का लोकार्पण जल्द कराने की घोषणा भी की। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी रविवार को अजमेर में आयोजित स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद केवल




जयपुर , 15 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री
वासुदेव देवनानी ने आर्य समाज से राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए स्वामी
श्रद्धानंद द्वारा शुरू किए गए घर वापसी अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान
किया। उन्होंने लव-कुश उद्यान से सुभाष उद्यान तक प्रस्तावित महर्षि दयानंद मार्ग
का लोकार्पण जल्द कराने की घोषणा भी की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी
रविवार को अजमेर में आयोजित स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह में मुख्य
अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद केवल
स्वाधीनता सैनानी अथवा समाज सुधारक ही नहीं थे , बल्कि वे बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी
थे। उन्होंने अपने जीवन में राष्ट्र , समाज और धर्म के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
स्वामी श्रद्धानंद ने हिंदुओं के धर्म परिवर्तन से उत्पन्न खतरे को समय रहते समझा
और घर वापसी अभियान प्रारंभ किया। इस अभियान के माध्यम से उन्होंने बड़ी संख्या में
ऎसे लोगों की मूल सनातन धर्म में वापसी कराई , जिन्होंने धर्म परिवर्तन कर लिया था।
श्री देवनानी ने कहा कि उस समय स्वामी
श्रद्धानंद ने जिस चुनौती को पहचाना था , वह आज भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। इसलिए
आर्य समाज को उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाते हुए घर वापसी अभियान जारी रखना
चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए अपने सांस्कृतिक एवं
धार्मिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि हमारा देश आर्यावर्त
है। हमारे ग्रंथों में भी हमें आर्य और आर्यपुत्र कहकर संबोधित किया गया है।
महर्षि दयानंद सरस्वती के शिष्यों का देश को स्वतंत्रता दिलाने में बहुत बड़ा
योगदान रहा है। स्वामी श्रद्धानंद भी महर्षि दयानंद के प्रमुख शिष्यों में से एक
थे। उन्होंने महर्षि दयानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज सुधार और राष्ट्रहित
के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर में महर्षि
दयानंद सरस्वती के नाम से प्रस्तावित मार्ग के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने
कहा कि लव-कुश उद्यान से सुभाष उद्यान तक बनने वाले महर्षि दयानंद मार्ग का
लोकार्पण जल्द कराया जाएगा। इसके साथ ही जयपुर रोड पर निर्माणाधीन सिंह द्वार पर
चार महापुरुषों के चित्र लगवाए जाएंगे , जिनमें महर्षि दयानंद सरस्वती का चित्र भी
शामिल होगा।
समारोह के दौरान वैदिक विद्वानों और
आर्य समाज के कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वामी ओमानंद
सरस्वती और आचार्य सत्यजित ने भी अपने विचार व्यक्त किए। परोपकारिणी सभा के प्रधान
ओम मुनि एवं मंत्री कन्हैयालाल आर्य ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को
दुपट्टा पहनाकर तथा स्मृति चिह्व भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन
परोपकारिणी सभा के न्यासी वेदप्रकाश विद्यार्थी ने किया।
सभा के संयुक्त मंत्री डॉ. दिनेश चंद्र
शर्मा ने बताया कि सात दिवसीय अथर्ववेद पारायण यज्ञ की रविवार को पूर्णाहुति हुई।
यज्ञ के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कीं। तीन
दिवसीय स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह के अंतिम दिन तीन सत्र आयोजित किए
गए। इन सत्रों में पूर्व कुलपति डॉ. सुरेंद्र कुमार , कृतेश पटेल , निर्भय आर्य और जीवर्धन शास्त्री सहित
अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
समारोह के दौरान प्रख्यात भजनोपदेशक
सहदेव बेधड़क एवं योगेश दत्त आर्य ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों से
उपस्थित श्रोता ऋषि भक्ति के भाव में डूब गए। सात दिवसीय अथर्ववेद पारायण यज्ञ की
पूर्णाहुति और तीन दिवसीय शताब्दी समारोह के समापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
——————
भानुप्रताप/आकाश
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला अजमेर) · 15 नवम्बर 2026, 08:22 PM — मूल विज्ञप्ति
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।