जयपुर। राजस्थान के 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार को संपन्न हो गया। इस दौरान राज्य के 11,905 मतदान केंद्रों पर लगभग 72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चौथे चरण में कुल 2,524 सीटों के लिए 8,843 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 382 जिला परिषद वार्ड और 2,142 पंचायत समिति वार्ड शामिल हैं। जिला परिषद सीटों के लिए 1,322 और पंचायत समिति वार्डों के लिए 7,521 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। धौलपुर जिले के बासेरी में सबसे अधिक 77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले पहले, दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमशः 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और 3 नवंबर को हुआ था।
मतदान के दौरान बहिष्कार और छिटपुट घटनाएं
विभिन्न स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण मतदान में देरी की सूचना मिली। इसके अलावा, बारां और जैसलमेर जिलों के कुछ गांवों के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। बारां के मुंडक्या और मुंडकी गांवों के लोगों ने भूमि अधिग्रहण के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया। जैसलमेर की भोजराज की ढाणी के ग्रामीणों ने अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण में कथित विसंगतियों के विरोध में वोट नहीं डाले।
