मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

पंचायतीराज  चुनाव-2026 चतुर्थ चरण में उत्साह भरे माहौल में मतदान पोलिंग बूथों पर रही चहल-पहले, सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे

अपडेट:

बारां, 14 नवंबर। पंचायतीराज चुनाव के चतुर्थ चरण में शनिवार को जिले की चार पंचायत समितियों अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा व बारां में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मतदान हुआ। मतदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी देते हुए लोकतंत्र के इस पावन यज्ञ में मतों की आहुति दी। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना रहा। सुरक्षा के लिहाज से सभी जगह पुलिस के कड़े प्रबंध रहे। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मतदान दिवस पर पंचायत समिति अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा व बारां मेें कुल 468 मतदान केंद्रों पर

शेयर करें
पंचायतीराज  चुनाव-2026 चतुर्थ चरण में उत्साह भरे माहौल में मतदान पोलिंग बूथों पर रही चहल-पहले, सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे

बारां, 14 नवंबर। पंचायतीराज चुनाव के चतुर्थ चरण में शनिवार को जिले की चार पंचायत समितियों अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा व बारां में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मतदान हुआ। मतदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी देते हुए लोकतंत्र के इस पावन यज्ञ में मतों की आहुति दी। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना रहा। सुरक्षा के लिहाज से सभी जगह पुलिस के कड़े प्रबंध रहे। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।

मतदान दिवस पर पंचायत समिति अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा व बारां मेें कुल 468 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। यहां मतदान दलों द्वारा मतदान प्रारंभ करने से पूर्व पोलिंग एजेन्टों की मौजूदगी में ईवीएम पर मॉक पोल का प्रदर्शन किया गया। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए ईवीएम के माध्यम से मतदान किया। ज्यादातर मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। कई जगह मतदाताओं को पंक्तिबद्ध होेकर प्रतीक्षा करनी पड़ी। चुनाव में बुजुर्ग, दिव्यांगजन, महिला मतदाता भी जोश के साथ वोट डालने आए। पहली बार मताधिकार का उपयोग कर रहे नवमतदाता भी बूथों पर पहुंचे। बूथों पर व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई गई। क्षेत्र में नियुक्त एरिया और जोनल मजिस्टेªट भी कानून व्यवस्था पर निगरानी बनाए रहे। मतदान दिवस पर क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश व सूखा दिवस रहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि जिले में चतुर्थ चरण का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मतदाताओं ने भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा को लेकर कड़े बन्दोबस्त किए गए थे। चुनाव ड्यूटी पर नियोजित अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल के जवानों, स्वयंसेवी संस्थाओं आदि ने चुनाव से संबंधित अपने दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करते हुए लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाया।

मतदान में शुरूआत से ही रही तेजी

मतदान केन्द्रों पर शुरूआत से ही मतदान में तेजी रही। कुछ स्थानों पर धीमी गति भी रही। सुबह 10 बजे तक अटरू में 15.85, छीपाबड़ौद में 14.84, छबड़ा में 14.24, बारां में 17.21, दोपहर 1 बजे तक अटरू में 35.56, छीपाबड़ौद में 42.01, छबड़ा में 38.03, बारां में 38.75, दोपहर 3 बजे तक अटरू में 54.27, छीपाबड़ौद में 57.07, छबड़ा में 54.72, बारां में 55.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केन्द्रों पर सांझ ढलने तक मतदाताओं की आवाजाही जारी रही।

जिला कलक्टर ने लिया मतदान का जायजा

मतदान दिवस पर जिला कलक्टर असावा ने जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के साथ बारां, अटरू व छीपाबड़ौद पंचायत समिति क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए मतदान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष व भयमुक्त निर्वाचन को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर ने बामला, कलमंड़ा, तुलसा, कवाई, टांचा, गुलखेड़ी व छीपाबड़ौद सहित अन्य मतदान केन्द्रों का अवलोकन किया।

मतदान केन्द्रों पर रही रौनक

मतदान दिवस पर अधिकांश मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही से रौनक बनी रही। बारां पंचायत समिति के फूंसरा स्थित मतदान केन्द्र को आकर्षक तरीके से सजाते हुए वहां सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया था। इस दौरान मतदान केन्द्रों से मतदान कर निकले युवा एवं कई मतदाता स्याही लगी अंगुली दिखाकर फोटो खिंचवाते व सेल्फी लेते नजर आए।

असावा ने मतदाताओं का जताया आभार

जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने चुनाव में पूर्ण उत्साह के साथ सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए सभी मतदाताओं का आभार जताया है। उन्हांेने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं तक संदेश पहुंचाया गया। असावा ने लोकतंत्र के प्रति आस्था का प्रदर्शन करने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदान में लोगांे की सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों के अधिकारियों, पुलिस कर्मियों व सुरक्षा बलों, स्काउट गाइड, बीएलओ, राजनीतिक दलों, स्वयंसेवी संस्थाओं सहित निर्वाचन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का भी आभार जताया है।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

मतदान दिवस पर कानून व्यवस्था व शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किए गए। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रही। संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में मोबाइल पार्टियां, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी, जोनल व एरिया मजिस्ट्रेट भी सक्रिय रहे।

मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं

प्रत्येक बूथ पर वालंटियर भी तैनात किए गए। बूथ पर रैंप, पीने का पानी, छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मतदान केन्द्रों पर महिला और पुरुष मतदाताओं के लिए अलग-अलग कतारें लगाई गई।

मतगणना 20 नवंबर को

जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी। मतदान के पश्चात सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर निर्धारित केन्द्रों पर निर्वाचन सामग्री का संग्रहण किया गया।

पंच-सरपंच के लिए नामांकन आज

पंचायत राज चुनाव के चतुर्थ चरण में रविवार को पंच-सरपंच पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया होगी। इसमें सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा 11.30 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन व अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इन पदों के लिए सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। उप सरपंच का चुनाव मंगलवार को कराया जाएगा।

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला बारां) · 14 नवम्बर 2026, 06:03 PM — मूल विज्ञप्ति

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें

उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी एवं उद्योग, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने दिवंगत डॉ.जसवंत सिंह यादव के चित्र

उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी एवं उद्योग, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने दिवंगत डॉ.जसवंत सिंह यादव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी

राजस्थान