जयपुर, 17 नवंबर। प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं समुचित प्रबंधन तथा नियमित मॉनिटरिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में अगस्त से अक्टूबर तक मातृ मृत्यु के मामलों में लगभग 40 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। अक्टूबर माह में यह कमी लगभग 59 प्रतिशत रही है।
प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 में मातृ मृत्यु के 100 मामले दर्ज हुए थे, जबकि अगस्त 2026 में यह संख्या घटकर 73 रह गई। इस प्रकार 27 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इसी प्रकार सितंबर में 83 के मुकाबले 54 मामले दर्ज हुए, जो लगभग 35 प्रतिशत की कमी है। अक्टूबर माह में 87 के मुकाबले केवल 36 मामले दर्ज हुए, जो लगभग 59 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्शाता है। अगस्त से अक्टूबर तक वर्ष 2025 में 270 मातृ मृत्यु के मुकाबले वर्ष 2026 में 163 मामले दर्ज हुए हैं। इस प्रकार कुल 107 मामलों अर्थात लगभग 39.6 प्रतिशत की कमी आई है।
श्रीमती राठौड़ ने कहा कि मातृ मृत्यु के मामलों में आई कमी संतोषजनक है, लेकिन प्रत्येक मातृ मृत्यु को रोकने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मातृ मृत्यु प्रकरण का गंभीरता से विश्लेषण किया जाए तथा मृत्यु के कारणों, उपचार में हुई देरी, रेफरल व्यवस्था और चिकित्सा प्रबंधन की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।