माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर, गायत्री सेवा संस्थान एवं चाइल्ड हेल्पलाइन सवाई माधोपुर के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में बाल विवाह रोकथाम को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं बाल विवाह निषेध रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के अधिकार मित्र धनराज मीणा, मुकेश कुमार शर्मा, गिर्राज रैगर, मगनलाल मीणा एवं बुनियाद अली ने उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह के मामले में सजा का प्रावधान, आशा यूनिट की कार्यप्रणाली, बाल विवाह की शिकायत के निवारण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं तालुका विधिक सेवा समितियों की भूमिका, नालसा हेल्पलाइन 15100 के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को दिनांक 21 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक पुनः प्रारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम हेतु जन जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों को सुदृढ़ करना है, विशेष रूप से आगामी विवाह सत्र के दौरान बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
इस अवसर पर गायत्री सेवा संस्थान के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार शर्मा एवं फील्ड कोऑर्डिनेटर विष्णु गुर्जर, अमर सिंह गुर्जर द्वारा बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल तथा बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को सूचित करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।