राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 नव मतदाताओं के पंजीकरण हेतु 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक होंगे कलस्टर कैम्प श्रीगंगानगर, 10 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में राज्य में प्रक्रियाधीन विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के अंतर्गत मतदाता, नवमतदाताओं के पंजीकरण हेतु जिले में कलस्टर कैम्पों का आयोजन किया जायेगा। इसके तहत ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे‘ की संकल्पना के लिये समाज के वंचित वर्गों एवं समाज की मूल धारा में जुड़ने से शेष वर्गों एवं संवेदनशील समूहों की मतदाता पंजीयन में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जानी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव के अनुसार जिले में मतदाता, नव मतदाताओं के पंजीकरण हेतु कलस्टर कैम्पों का आयोजन किया जाना है। इसके लिए समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं एसडीएम तथा पंचायती राज, नगर निकाय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और राजीविका सहित संबंधित विभागों को समन्वय से कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके तहत 12 नवम्बर से लेकर 11 दिसम्बर 2026 के मध्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा, नव मतदाताओं के पंजीकरण हेतु कलस्टर कैम्पों का आयोजन किया जायेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 30 नवम्बर को पीडब्ल्यूडी श्रेणी में पंजीकरण के लिये स्कूल, काॅलेज, विशेष विद्यालय, आवासीय विद्यालय, एनजीओ, सीएसओ, पंचायती राज संस्थान सहित अन्य संस्थानों पर कलस्टर कैम्प आयोेजित किये जायेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 5 दिसम्बर को ट्रांसजेण्डर्स श्रेणी में पंजीकरण के लिये डेरे, हवेलियों एवं इनके निवास स्थानों पर डोर-टू-डोर सर्वे के साथ-साथ आवासहीन श्रेणी में पंजीकरण के लिये रैन बसेरों, श्रम काॅलोनियों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ बेघर व्यक्तियों का सर्वे किया जायेगा। इसी तरह सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 6 दिसम्बर को पीवीटीजी, डीनोटिफाईड, नोमेडिक, सेमी नोमेडिक ट्राईब्स श्रेणी में पंजीकरण के लिये ईआरओ द्वारा चिन्हित स्थानों पर कैम्प आयोजित किये जायेंगे। जेण्डर रेशो बढ़ाने के लिये ब्लाॅक विकास अधिकारी के पर्यवेक्षण में महिला और नव विवाहित महिला श्रेणी में समस्त मतदान केन्द्रों पर 12 नवम्बर से लेकर 11 दिसम्बर 2026 के दौरान (प्रत्येक बुधवार) को कलस्टर कैम्प आयेाजित होंगे। इस दौरान सुपरवाईजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका स्वयं सहायता समूह, ग्राम विकास अधिकारी, नगर निगम-नगरपालिका, बीएलओ-सुपरवाईजर द्वारा सहयोग किया जायेगा। इन कैम्पों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र मतदाताओं से फार्म 6 भरवाने के साथ-साथ 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की जानी है। ------------
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 10 नवम्बर 2026, 04:41 PM — मूल विज्ञप्ति