जोधपुर/जयपुर, 10 नवम्बर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अपने संक्षिप्त जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ हॉनर लिया तथा गणमान्यजनों से भेंट की।
इस दौरान श्री देवनानी ने मीडिया से संवाद के दौरान विधानसभा संग्रहालय में किए जा रहे नवाचारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संविधान की मजबूती सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
श्री देवनानी ने विधानसभा संग्रहालय में विकसित की जा रही नई सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि संग्रहालय में पूर्व में संविधान गैलरी एवं वैधानिक माध्यम गैलरी विकसित की गई हैं। अब यहां अत्याधुनिक 3-डी वर्चुअल हेलीकॉप्टर अनुभव विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से दर्शक एक ही स्थान पर बैठे-बैठे देश के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का आभासी भ्रमण कर सकेंगे। लगभग 15 से 20 मिनट के इस अनुभव के लिए निविदा प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है तथा आगामी 3 से 4 माह में इसे शुरू करने का लक्ष्य है।