मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में दिसंबर 2023 में प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद विकास और आधारभूत ढांचे को गति देने पर विशेष जोर रहा है। इसी क्रम में उदयपुर शहर में भी सड़क एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाया गया। दिसंबर 2023 से अक्टूबर 2026 तक की अवधि में शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात दबाव कम करने, कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सड़क नेटवर्क विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक को मिलेगी बड़ी राहत, 38 पीएम ई—बसों में 241368 ने 205655 किमी यात्रा की
शहर के व्यस्ततम मार्गों पर यातायात को सुगम बनाने के लिए 136.89 करोड़ रूपए की लागत से उदयपुर की पहली एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य इस अवधि में तेजी से आगे बढ़ा है। करीब 2.7 किलोमीटर लंबी यह एलिवेटेड रोड सिटी रेलवे स्टेशन से शुरू होकर उदियापोल, सूरजपोल, दिल्ली गेट और कलक्ट्रेट चौराहा होते हुए कोर्ट चौराहा के आगे कलक्टर निवास तक बनाई जा रही है। इस परियोजना की खासियत यह है कि कलेक्ट्री चौराहे के पास चिकित्सालय रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग निकास की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इससे महाराणा भूपाल चिकित्सालय जाने वाली एंबुलेंस तथा मरीजों को शहर के व्यस्ततम चौराहों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिल सकेगी।