Skip to content
हिन्दी
BREAKING

तीन दिवसीय बूंदी महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज गणेश पूजन से होगा महोत्सव का आगाज, तीन दिन तक बिखरेंगे लोक संस्कृति के रंग

Updated:

तीन दिवसीय बूंदी महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज गणेश पूजन से होगा महोत्सव का आगाज, तीन दिन तक बिखरेंगे लोक संस्कृति के रंग बूंदी, 26 नवंबर। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध छोटी काशी बूंदी एक बार फिर तीन दिवसीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक उत्सव 'बूंदी महोत्सव-2026' के रंगों में रंगने जा रही है। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन बूंदी के संयुक्त तत्वावधान में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति, कला, परंपरा, पर्यटन और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। तीन दिनों तक शह

तीन दिवसीय बूंदी महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज

गणेश पूजन से होगा महोत्सव का आगाज, तीन दिन तक बिखरेंगे लोक संस्कृति के रंग

बूंदी, 26 नवंबर। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध छोटी काशी बूंदी एक बार फिर तीन दिवसीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक उत्सव 'बूंदी महोत्सव-2026' के रंगों में रंगने जा रही है। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन बूंदी के संयुक्त तत्वावधान में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में लोक संस्कृति, कला, परंपरा, पर्यटन और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। तीन दिनों तक शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों पर विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव में शोभायात्रा, मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं, हेरिटेज वॉक, चित्रकला प्रदर्शनी, दीपदान, आतिशबाजी और सांस्कृतिक संध्याएं विशेष आकर्षण रहेंगी।

गणेश पूजन और शाेभायात्रा से होगा आगाज

महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार 27 नवंबर को सुबह 8.30 बजे गढ़ पैलेस में गणेश पूजन एवं वैदिक मंत्रोचार के साथ होगा। सुबह 8.45 बजे अतिथि सत्‍कार तथा 8.55 बजे आर्ट कैंप का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे नवल सागर से पुलिस परेड ग्राउंड तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुबह 11 बजे से पुलिस परेड ग्राउंड में मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

महोत्सव के पहले दिन शाम 5.30 बजे नवल सागर पर दीपदान एवं महाआरती का आयोजन होगा। दीपों की रोशनी से नवल सागर का वातावरण भक्तिमय और आकर्षक बनेगा। शाम 7.30 बजे नवल सागर पार्क में सायंकालीन सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

हेरिटेज वॉक और बूंदी गॉट टैलेंट की रहेगी धूम

महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार 28 नवंबर को सुबह 7 बजे मानदाता बालाजी, टाइगर हिल्स पर हेरिटेज वॉक एवं नेचर ट्रेकिंग आयोजित होगी। सुबह 10 बजे टाउन हॉल में बालिका शक्ति मंच के तत्वावधान में बूंदी गॉट टैलेंट कार्यक्रम होगा। दोपहर 12 बजे सुख महल में चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा तथा दोपहर 12.30 बजे सुख महल में मान-मनुहार कार्यक्रम आयोजित होगा। दोपहर 3 बजे कुंभा स्टेडियम में उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले का उद्घाटन होगा। यह मेला 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।

शाम 7 बजे नवल सागर पार्क में सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद शाम 7.30 बजे राजस्थानी गायिका सीमा मिश्रा की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक संध्या सजेगी। रात 9.30 बजे गणगौर घाट, नवल सागर पर आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा।

विलेज सफारी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा समापन

महोत्सव के अंतिम दिन रविवार 29 नवंबर को सुबह 9.30 बजे से शाम 5 बजे तक सुख महल में आर्ट कैंप एवं पेंटिंग प्रदर्शनी आयोजित होगी। सुबह 10.30 बजे पर्यटन कार्यालय से ठीकरदा गांव तक विलेज सफारी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवेश, लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या शाम 7.30 बजे नवल सागर पार्क में आयोजित होगी। इसमें राजस्थानी गायिका मधु भाट और मिस रमिन्‍द्र खुराना की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

पर्यटन और संस्कृति को मिलेगा प्रोत्साहन

तीन दिवसीय बूंदी महोत्सव के माध्यम से जिले की ऐतिहासिक विरासत, लोक संस्कृति, कला एवं पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। महोत्सव में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ ही देशी-विदेशी पर्यटकों को बूंदी की सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला बूंदी) · 26 नवम्बर 2026, 05:13 PM — मूल विज्ञप्ति

Source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News