राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर जल जीवन मिशन के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक सम्पन्न श्रीगंगानगर, 26 नवम्बर। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में गुरूवार को हुई। इसमें आमजन को शुद्व पेयजल आपूर्ति एवं जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता के साथ- साथ आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए।  बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल मिले, इसके लिए समय-समय पर पानी के नमूने लेकर पानी की जांच करें। जहां नमूने अमानक पाए जाते हैं, वहां पानी की गुणवत्ता सही करके पानी के नमूने दुबारा लिए जाएं। जिन विद्यालय, आंगनबाडी केन्द्र व स्वास्थ्य केन्द्रों में पेयजल कनेक्शन नहीं है, वहां पानी के कनेक्शन तुरंत जारी करें, ताकि आमजन को परेशानी ना हो।  उन्होंने कहा कि हर घर जल प्रमाणीकरण शत प्रतिशत करवाएं एवं जिन कार्यों का विवरण आईएमआईएस की साइट पर अपलोड नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिकता से अपलोड करें। दिसम्बर माह में सौ प्रतिशत हर घर जल ग्रामों में जल अर्पण कार्यक्रम सम्पादित करवाएं एवं मुख्यालय से प्राप्त निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने जल बंधु एप पर डाटा इसी सप्ताह मैप करने हेतु निर्देशित किया। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत योजनाओं की समीक्षा, 100 प्रतिशत हर घर जल प्रमाणीकरण प्रगति, जल सेवा आकलन एवं सुजलाम भारत आईडी क्रिएशन की प्रगति, जल गुणवत्ता निगरानी, स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति, अमृत 2.0 के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत योजनाओं की समीक्षा जिला कलक्टर द्वारा की गई।  अधीक्षण अभियंता श्री मोहनलाल अरोड़ा ने जिले में पेयजल व्यवस्था संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हरिराम चैहान, अधिशासी अभियंता एवं तकनीकी सहायक प्रथम श्री प्रशोतम लाल, अधिशासी अभियंता श्री मोनिंदरजीत सिंह, श्री प्रकाश चैधरी, श्री राकेश बिश्नोई, कनिष्ठ रसायनिज्ञ श्रीमती प्रभा बंसल, एडिशनल सीएमएचओ डॉ. मुकेश मेहता, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक श्री हरविन्द्र सिंह, श्री कपिल शर्मा सहित विभाग के सहायक अभियंतागण एवं जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्यगण मौजूद थे। (फोटो सहित 1,2) ---------

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 26 नवम्बर 2026, 05:31 PM — मूल विज्ञप्ति