मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर तनोट माता मंदिर की पुनर्विकास परियोजना की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मंदिर के समग्र विकास की योजना बनाई है, जिसके तहत यात्रियों के ठहराव और पार्किंग जैसी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना की प्रगति और प्रशासनिक तैयारी
राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बैठक में जानकारी दी कि राज्य सरकार इस पुनर्विकास परियोजना के लिए आवश्यक भूमि का आवंटन पहले ही कर चुकी है। साथ ही, परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जा चुकी है।
