



जयपुर, 19 नवंबर। कार्मिक विभाग की शासन सचिव श्रीमती अर्चना सिंह ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण कर यहां संचालित व्यवस्थाओं एवं परिवादों के निस्तारण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाले परिवादों की प्रकृति, वर्गीकरण एवं निस्तारण की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
श्रीमती सिंह ने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से विभाग को प्राप्त होने वाले सभी प्रकरण अनिवार्य रूप से शिकायत की श्रेणी में नहीं आते, बल्कि इनमें नीतिगत विषयों (Policy Matters), व्यक्तिगत मामलों एवं विभिन्न मांगों से संबंधित प्रकरण भी शामिल होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का उनकी प्रकृति के अनुरूप पृथक-पृथक वर्गीकरण किया जाए तथा विषयों का समुचित मॉडरेशन सुनिश्चित किया जाए। इससे प्रकरणों का सही विश्लेषण संभव हो सकेगा और प्रत्येक प्रकरण के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकेगी।
