रसोई गैस सब्सिडी के लिए बैंक खाता व एलपीजी आईडी अपडेट कराना जरूरी
बूंदी, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना का लाभ लगातार लेने के लिए पात्र उपभोक्ताओं को अपने बैंक खाते की जानकारी और एलपीजी आईडी अपडेट करानी होगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने योजना के नियमों में बदलाव करते हुए यह व्यवस्था लागू की है। जानकारी अपडेट नहीं कराने पर सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है।
जिला रसद अधिकारी शिवजीराम जाट ने बताया कि उपभोक्ता स्वयं खाद्य विभाग की वेबसाइट https://lpgsubsidy.rajasthan.gov.in/Home/Index पर मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के विकल्प के माध्यम से जन आधार से बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर सकते हैं। वहीं, जिनकी मैपिंग नही हुई है, नजदीकी राशन डीलर के पास एलपीजी आईडी की मैपिंग करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बूंदी जिले में एनएफएसए राशन कार्डों की एलपीजी आईडी मैपिंग 65.30 प्रतिशत हुई है। शेष पात्र उपभोक्ताओं से जल्द मैपिंग करवाने की अपील की गई है, ताकि उन्हें सब्सिडी का लाभ मिलने में परेशानी न हो।