
राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर निकाय क्षेत्रों में बिना लाइसेंस तम्बाकू उत्पादों का विक्रय करने पर होगी कार्यवाही नार्को कोर्डिनेशन सेन्टर की बैठक में जिला कलक्टर ने दिये निर्देश जिला कलक्टर ने 6 दिसम्बर को प्रस्तावित साइक्लोथान में भाग लेने का किया आह्वान श्रीगंगानगर, 26 नवम्बर। नार्को कोर्डिनेशन सेन्टर तंत्र की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने जिले में मादक पदार्थों और तम्बाकू उत्पादों की रोकथाम का उल्लेख करते हुए नगर निकाय क्षेत्रों में बिना लाइसेंस तम्बाकू उत्पादों का विक्रय करने वालों पर कार्यवाही के निर्देश दिये। जिला कलक्टर द्वारा गत बैठक में दिये गये निर्देशों की पालना रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन डोपिंग गतिविधियों की रोकथाम के लिये सख्त कार्यवाही की जाये। बीएसएफ, पुलिस सहित समस्त एजेंसियां आपसी तालमेल से ऐसी गतिविधियां होने से रोकें। एंटी ड्रोन व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाये। गश्त के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित निगरानी होगी तो ड्रोन डोपिंग जैसी गतिविधियों की रोकथाम संभव है। उन्होंने समस्त एजेंसियों के आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान से ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही की जाये। भारतमाला मार्ग सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों पर चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच की जाये। इनमें सीसीटीवी कैमरे संचालित होने चाहिए और उनका नियमित बैकअप भी रखा जाये। औषधि नियंत्रक विभाग के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों द्वारा इनका नियमित निरीक्षण किया जाये। नशा मुक्ति केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाओं की सुनिश्चिता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये गये। जिले में अवैध शराब की रोकथाम के लिये जारी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि आबकारी विभाग के साथ-साथ पुलिस द्वारा नियमित निगरानी और कार्यवाही की जाये। ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाये। शिक्षण संस्थानों की 100 मीटर की परिधि में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिये संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि नगर निकाय क्षेत्रों में बिना लाइसेंस तम्बाकू उत्पादों का विक्रय करने वालों पर कार्यवाही की जाये। इस दौरान जिला कलक्टर ने फिट गंगानगर सोसायटी श्रीगंगानगर की ओर से 6 दिसम्बर 2026 को पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली साइक्लोथान की जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण करवाते हुए आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। साइक्लोथॉन 2026 के लिए पंजीकरण प्रारंभ है। इच्छुक प्रतिभागी लिंक https://fitganganagarsociety.in/cyclothon/register पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर ने भी सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम को जिले के लिये महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ड्रोन डोपिंग जैसी गतिविधियां ना हों, इसके लिये सजगता और तत्परता से समस्त एजेंसियां मिलकर कार्यवाही करें। ड्रोन डोपिंग की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और अधिकारी तत्काल कार्यवाही करें। सीमावर्ती क्षेत्रों में इसके लिये पर्याप्त और नियमित निगरानी रखी जाये। संदिग्ध से पूछताछ और जांच की जाये। आवश्यक जानकारी संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचे ताकि संबंधित प्रकरण में आवश्यक और नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री परमजीत सिंह ने नार्कट्रेक वेबसाइट की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए इसके उपयोग एवं महत्ता से अवगत करवाया। इस दौरान औषधि नियंत्रक, स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्यवाही एवं गतिविधियों से अवगत करवाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्री अश्विन के. पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री विरेन्द्र पाल सिंह, श्री महावीर मीणा, डाॅ. मुकेश मेहता, डाॅ. सुखपाल बराड़, डाॅ. चरणजीत सिंह, श्री अरविन्दर सिंह, श्री आदराम, श्रीमती सीमा तनन, डाॅ. अशोक शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। (फोटो सहित) -----------
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 26 नवम्बर 2026, 02:03 PM — मूल विज्ञप्ति
