जयपुर। राजस्थान में दो चरणों में हुए नगरीय निकाय चुनावों के बाद अब सभी की नजरें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों में पार्षद पद के लिए हुए चुनाव का फैसला सोमवार को सामने आएगा।
सुबह 8 बजे से शुरू होगी गिनती
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। पहले और दूसरे चरण में मतदान के बाद ईवीएम में बंद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला एक साथ होगा। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
18 हजार से ज्यादा प्रत्याशियों का फैसला
इस चुनाव में प्रदेश के 309 निकायों के 10,245 वार्डों के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशी मैदान में थे। दूसरे चरण के मतदान के साथ ही प्रदेशभर में पार्षद प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। अब मतगणना के साथ ही भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के दावों की असली परीक्षा होगी।
