कोटपूतली-बहरोड़, 26 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण में जिले की पंचायत समिति कोटपूतली, पावटा, नारायणपुर और बानसूर में 28 सितम्बर, बुधवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक ज़िला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होगा वहीं 30 अक्टूबर को उक्त पंचायत समितियों में प्रात: 7 से सायं 6 बजे तक पंच एवं सरपंचों के लिए मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने निर्वाचन क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए सभी मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से पहली बार मतदान के अवसर को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने तथा सभी मतदाताओं से अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।