Skip to content
हिन्दी
BREAKING

निकाय चुनाव से पहले भाजपा में टिकट की तकरार, करौली में बैठक के दौरान भिड़े नेता

पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव और जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन में तीखी नोकझोंक, चप्पल दिखाने तक पहुंचा मामला; टिकट के बदले पैसे लेने के आरोपों से गरमाया माहौल

Updated:

जयपुर। नगर निकाय चुनाव के टिकटों को लेकर भाजपा में चल रही खींचतान अब बैठकों के भीतर से बाहर आने लगी है। शनिवार को भरतपुर संभाग के चुनाव प्रभारी अशोक परनामी के जयपुर स्थित आवास पर…

निकाय चुनाव से पहले भाजपा में टिकट की तकरार, करौली में बैठक के दौरान भिड़े नेता

जयपुर। नगर निकाय चुनाव के टिकटों को लेकर भाजपा में चल रही खींचतान अब बैठकों के भीतर से बाहर आने लगी है। शनिवार को भरतपुर संभाग के चुनाव प्रभारी अशोक परनामी के जयपुर स्थित आवास पर टिकटों को लेकर चल रही बैठक में करौली से जुड़े नेताओं के बीच विवाद ने माहौल गरमा दिया। पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव और भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई।

बताया जा रहा है कि करौली में टिकट वितरण को लेकर दोनों नेताओं की राय अलग-अलग थी। समर्थित दावेदारों के नामों को लेकर बात बढ़ी तो आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। बैठक में मौजूद नेताओं ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

दावेदारों की सूची बनी विवाद की वजह-सूत्रों के अनुसार राजकुमारी जाटव अपने समर्थित दावेदारों के नामों की सूची लेकर बैठक में पहुंची थीं। इस सूची को लेकर जिलाध्यक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई। इसके बाद दोनों के बीच बहस तेज हो गई।

विवाद के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि राजकुमारी जाटव ने कथित तौर पर चप्पल दिखा दी। इससे बैठक में मौजूद अन्य नेताओं के बीच भी हलचल मच गई। मामले को संभालने के लिए बीच-बचाव किया गया।

टिकट के बदले पैसे लेने के आरोपों से मचा बवाल-विवाद सिर्फ दावेदारों की सूची तक सीमित नहीं रहा। बातचीत के दौरान टिकट वितरण को लेकर पैसे लेने के आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आने की बात कही जा रही है। राजकुमारी जाटव की ओर से कुछ नेताओं पर टिकट के बदले पैसे लेने का आरोप लगाए जाने की चर्चा है। वहीं, जवाब में जिलाध्यक्ष की ओर से भी राजकुमारी पर आरोप लगाए गए। इन आरोपों ने बैठक का माहौल और गर्म कर दिया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में भी टिकट पर खींचतान-बैठक में केवल करौली ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों के टिकटों को लेकर भी असहमति सामने आने की चर्चा है। स्वायत्त नगर-सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र से जुड़े दावेदारों के नामों को लेकर भी सवाल उठे। एक पर्यवेक्षक द्वारा तीन नाम सामने रखे जाने के बाद बैठक में चर्चा तेज होने की बात कही जा रही है। वहीं मालवीय नगर क्षेत्र में एक विधायक के परिजन का नाम दावेदारी में आने को लेकर भी समर्थकों के बीच चर्चा और बहस की स्थिति बनी।

परनामी ने बड़े विवाद से किया इनकार-मामले को लेकर चुनाव प्रभारी अशोक परनामी ने किसी बड़े विवाद से इनकार किया है। उनका कहना है कि बैठक में टिकटों को लेकर सामान्य चर्चा हो रही थी। दूसरी ओर राजकुमारी जाटव की ओर से पार्टी के भीतर अपना पक्ष रखने की बात कही गई है।

टिकटों की घोषणा से पहले भाजपा के सामने बड़ी चुनौती

निकाय चुनाव की टिकट सूची जारी होने से पहले भाजपा में सामने आया यह घटनाक्रम पार्टी के लिए चुनौती बढ़ाने वाला है। दावेदारों की लंबी कतार, समर्थकों का दबाव और टिकटों को लेकर नेताओं के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News