





कोटपूतली-बहरोड़, 26 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप-SVEEP) के अंतर्गत “एक खेल लोकतंत्र के नाम” कार्यक्रम के तहत कोटपुतली बहरोड जिले के नीमराना उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहजहांपुर के खेल मैदान में हॉकी मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा मतदान के प्रति जागरूक करना रहा।
हॉकी मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों को खेल और लोकतंत्र के बीच संबंध बताते हुए समझाया गया कि जिस प्रकार खेल में प्रत्येक खिलाड़ी की भागीदारी महत्वपूर्ण होती है, उसी प्रकार लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण होता है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
