Skip to content
BREAKING

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन पर दिया जोर, कहा—नीमराणा वैश्विक औद्योगिक पहचान की ओर अग्रसर

Updated:

भारत-जापान सहयोग, आधुनिक विनिर्माण तकनीक और निवेश से औद्योगिक विकास को मिलेगी गति

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन पर दिया जोर, कहा—नीमराणा वैश्विक औद्योगिक पहचान की ओर अग्रसर
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • भारत-जापान सहयोग, आधुनिक विनिर्माण तकनीक और निवेश से औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
  • ‘राइजिंग नीमराणा’ में औद्योगिक विकास और निवेश विस्तार पर मंथन, राज्यपाल ने उद्योगों एवं संस्थाओं को किया सम्मानित

जयपुर, 27 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए आधुनिक तकनीक और निवेश को बढ़ावा देना आवश्यक है। राज्यपाल श्री बागडे मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा स्थित एनआईआईटी यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में नीमराणा इंडस्ट्री एसोसिएशन एवं रेज एक्सपर्ट के संयुक्त तत्वावधान में द टाइम्स ऑफ इंडिया के द्वारा औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन की परिकल्पना के साथ आयोजित ‘राइजिंग नीमराणा’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार, भारत-जापान सहयोग तथा देश की आर्थिक प्रगति के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए।

राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक विनिर्माण तकनीकों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश संबंधी योजनाओं को धरातल पर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीमराणा निरंतर औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण स्थान की ओर अग्रसर है। राज्यपाल ने भारत-जापान आर्थिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि जापानी उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक साझेदारी को विस्तार देने तथा उत्पादों के आयात-निर्यात को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, निवेश और पारस्परिक सहयोग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन किया जा सकता है। उन्होंने भारत में बुलेट ट्रेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में जापान द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने भारत और जापान के ऐतिहासिक संबंधों तथा दोनों देशों की संघर्ष और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए आर्थिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक विस्तार में आपसी सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय इतिहास, संस्कृति, नैतिक मूल्यों, समृद्ध परंपराओं और शिक्षा को देश की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने सभी से समन्वय और सहयोग के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ‘देश प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने नीमराणा एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिले के औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्योगों, संस्थाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया। सम्मान समारोह में नीमराणा में स्थापित शुरुआती उद्योगों, जापानी औद्योगिक क्षेत्र के प्रारंभिक उद्योगों, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन एवं विरासत संरक्षण तथा औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उद्योगों एवं संस्थाओं को सम्मान प्रदान किए गए। इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘नीमराणा दर्पण’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।

डॉ.राजेश व्यास/नितिन

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News