- भारत-जापान सहयोग, आधुनिक विनिर्माण तकनीक और निवेश से औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
- ‘राइजिंग नीमराणा’ में औद्योगिक विकास और निवेश विस्तार पर मंथन, राज्यपाल ने उद्योगों एवं संस्थाओं को किया सम्मानित
जयपुर, 27 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए आधुनिक तकनीक और निवेश को बढ़ावा देना आवश्यक है। राज्यपाल श्री बागडे मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा स्थित एनआईआईटी यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में नीमराणा इंडस्ट्री एसोसिएशन एवं रेज एक्सपर्ट के संयुक्त तत्वावधान में द टाइम्स ऑफ इंडिया के द्वारा औद्योगिक विकास एवं निवेश संवर्धन की परिकल्पना के साथ आयोजित ‘राइजिंग नीमराणा’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार, भारत-जापान सहयोग तथा देश की आर्थिक प्रगति के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए।
राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक विनिर्माण तकनीकों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश संबंधी योजनाओं को धरातल पर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीमराणा निरंतर औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण स्थान की ओर अग्रसर है। राज्यपाल ने भारत-जापान आर्थिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि जापानी उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक साझेदारी को विस्तार देने तथा उत्पादों के आयात-निर्यात को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, निवेश और पारस्परिक सहयोग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन किया जा सकता है। उन्होंने भारत में बुलेट ट्रेन सहित विभिन्न क्षेत्रों में जापान द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
