Skip to content
हिन्दी
BREAKING

Bikaner News: वंदे गंगा अभियान का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन

Updated:

जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शख्सियतों, संस्थाओं को जल गौरव सम्मान से किया गया सम्मानित बीकानेर, 5 जून। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन…

जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शख्सियतों, संस्थाओं को जल गौरव सम्मान से किया गया सम्मानित

बीकानेर, 5 जून। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 का समापन शुक्रवार सायं रविंद्र रंगमंच पर पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।

समापन समारोह में बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, श्री श्याम पंचारिया, सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे, नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, उप वन संरक्षक श्री जी. वेंकटेश, एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री अनिल राठौड़,वाटरशेड के अधीक्षण अभियंता श्री मुकेश कुमार अजाड़ीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सुश्री सिद्धि कुमारी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी का विषय है। प्रत्येक नागरिक को जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने वंदे गंगा अभियान के माध्यम से आमजन में जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने कहा कि अभियान के दौरान जिलेभर में जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण तथा जनजागरण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें आमजन की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंच संचालन जिला कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी श्री संजय पुरोहित ने किया।

इससे पूर्र्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कलाकारों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक संध्या में गणेश वंदना, लोकगीत, लोकनृत्य, घूमर, चरी नृत्य, कठपुतली नृत्य तथा थीम आधारित नाट्य मंचन सहित विभिन्न प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कलाकारों ने जल बचाने, नदियों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश रचनात्मक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा तथा तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वंदे गंगा अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ और उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

पर्यावरण संवर्धन करने वाले को किया सम्मानित

कार्यक्रम में जल संरक्षण को लेकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आधे दर्जन से ज्यादा व्यक्तियों, कृषकों व संस्थाओं को जल गौरव सम्मान से प्रशस्ति पत्र व मूमेंटों देकर सम्मानित किया गया। वन विभाग की ओर से कार्यक्रम में आए सभी दर्शकों को पौधों का निशुल्क वितरण किया गया।

समापन समारोह में डीईओ प्रारंभिक श्री के.डी चारण, कृषि विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक श्री महेश व्यास, सहायक पर्यटक अधिकारी श्री योगेश राय व श्रीमती नेहा शेखावत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News