बीकानेर। नगर निगम की साधारण सभा में डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल ट्रैक्टर, ऑटो टिपर और हाईमास्ट लाइट के टेंडरों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि शहर की सफाई, सार्वजनिक रोशनी, सीवर-नालों की सफाई, निराश्रित पशुओं की समस्या और बाजारों की सुरक्षा जैसे विषयों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
डॉ. शेखावत ने बड़ा बाजार, फड़ बाजार और तेलीवाड़ा सहित पुराने एवं संकरे बाजारों में त्योहारों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष सफाई, अग्नि सुरक्षा, पर्याप्त रोशनी और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी वार्डों में ऑटो टिपर एवं ट्रैक्टर की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और ठेकेदारों के कामकाज की प्रभावी निगरानी की मांग की।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि सफाई, रोशनी और त्योहारों की तैयारियों के लिए कितना बजट उपलब्ध है, कितना खर्च किया जा चुका है और शेष कार्यों की जिम्मेदारी किन अधिकारियों को दी गई है। उनके अनुसार, प्रत्येक कार्य के लिए बजट, जिम्मेदार अधिकारी और समय-सीमा निर्धारित होने से प्रशासनिक जवाबदेही तय की जा सकेगी।
