Skip to content
हिन्दी
BREAKING

बीकानेरी नमकीन को मिलेगा वैश्विक पहचान का नया अवसर

Updated:

बीकानेर, 20 जुलाई। राज्य सरकार की एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) नीति-2024 के तहत बीकानेर जिले के लिए 'बीकानेरी नमकीन' का चयन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य जिले के पारंपरिक उत्पाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई…

बीकानेर, 20 जुलाई। राज्य सरकार की एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) नीति-2024 के तहत बीकानेर जिले के लिए 'बीकानेरी नमकीन' का चयन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य जिले के पारंपरिक उत्पाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाना तथा स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रतिस्पर्धी बनाना है। यह योजना 31 मार्च 2029 तक लागू रहेगी।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा के अनुसार, नीति के तहत नए सूक्ष्म उद्यमों को परियोजना लागत का 25 प्रतिशत (अधिकतम 15 लाख रुपये) तथा लघु उद्यमों को 15 प्रतिशत (अधिकतम 20 लाख रुपये) तक मार्जिन मनी अनुदान मिलेगा। साथ ही, मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए भी निर्धारित सीमा तक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना के अंतर्गत बीकानेरी नमकीन उत्पादकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में भागीदारी के लिए स्टॉल किराया एवं यात्रा व्यय पर सहायता दी जाएगी। गुणवत्ता सुधार के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन तथा बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) प्राप्त करने पर होने वाले खर्च का 75 प्रतिशत (अधिकतम 3 लाख रुपये) तक पुनर्भरण किया जाएगा।

इसके अलावा उद्यमों को डिजिटल कारोबार से जोड़ने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म शुल्क पर दो वर्षों तक 75 प्रतिशत (अधिकतम 1 लाख रुपये प्रतिवर्ष) की सहायता मिलेगी। आधुनिक तकनीक अपनाने, सॉफ्टवेयर उन्नयन, वेबसाइट विकास और उत्पाद कैटलॉग तैयार करने के लिए भी अनुदान का प्रावधान किया गया है। इच्छुक उद्यमी एसएसओ पोर्टल पर उपलब्ध ओडीओपी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं या जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, बीकानेर से संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News